Oct 28 2026 / 5:15 PM

पूर्व चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने ली राज्यसभा सांसद की शपथ

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने गुरुवार को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ ले ली। इस दौरान विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया और सदन से वॉक आउट कर गये। इसके बाद राज्यसभा में मौजूद कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने विपक्ष के विरोध की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस सदन की शोभा कई न्यायाधीशों ने बढ़ाई है, लेकिन इस तरह से विपक्ष का विरोध शर्मनाक है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा, राज्यसभा में विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों की एक महान परंपरा है, जिनमें पूर्व चीफ जस्टिस भी शामिल हैं। गोगोई जिन्होंने आज शपथ ली है वह निश्चित रूप से अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे। शपथ-ग्रहण समारोह के दौरान वॉक आउट पर प्रसाद ने कहा, विपक्ष का ऐसा करना अनुचित था। हंगामे के दौरान सभापति एम वेंकैया नायडू ने कहा कि हम सभी की अपनी राय हो सकती है, लेकिन सदन में इस तरह से राष्ट्रपति (रामनाथ कोविंद) के फैसले का विरोध गलत है।

Share With

मध्यप्रदेश