एक्शन में सीएम शिवराज- भोपाल और जबलपुर में कर्फ्यू लगाने के दिए आदेश
भोपाल। शिवराज सिंह चौहान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने सबसे पहले कोरोना से निपटने की तैयारियों और स्वास्थ्य विभाग के इंतजामों को लेकर आधी रात को एक बैठक ली। इसके तुरंत बाद भोपाल और जबलपुर में कर्फ्यू लगाने के आदेश दिए।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मंगलवार से भोपाल और जबलपुर में कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। इसके अलावा, राज्य के 36 जिलों में लगाए गए बंद का लोगों को सख्ती से पालन करना चाहिए। मैं लोगों से अपील करता हूं कि हम सभी के लिए घर पर रहें। लोगों के लिए अनुकूलता और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अब तक भोपाल और जबलपुर में 6 मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले प्रदेश के 43 जिलों को भी लॉकडॉउन कर दिया गया। वहीं, केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्यों के डीजीपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्देश दिए कि लॉकडाउन को पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाए।
लॉकडाउन किए गए जिलों में अलग-अलग समयावधि रहेगी। इन जिलों में धारा 144 भी लागू की गई है। यहां इसका असर भी देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह से लोगों ने दूध और सब्जी खरीदी। जरूरत का सामान लेने के बाद अपने घरों में चले गए। प्रशासन ने लोगों से घर से काम करने के लिए कहा है।
मध्य प्रदेश के कार्यवाहक स्वास्थ्य मंत्री तरुण भनोट ने बताया कि सभी 6 कोरोना पॉजिटिव की हालत स्थिर है। प्रदेश में अब तक 75 नमूने लिए जा चुके हैं। 48 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबलपुर से 5 कोरोनावायरस मरीज सामने आए। ये लोग 4 हजार से अधिक लोगों के संपर्क में आए। भोपाल कलेक्टर तरुण पिथोड़े ने मीडिया से कोरोना पॉजिटिव की पहचान उजागर नहीं करने की अपील की है।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रदेश के 43 जिलों में लगाए गए लॉकडाउन का उल्लघंन करने वालों पर अब सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है कि लोग इसका पालन नहीं कर रहे हैं। इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी 43 जिलों में एक बार फिर मुनादी कराकर लोगों को नियम का पालन करने और क्यों करें के बारे में बताया जाएगा। मंगलवार को इसके बाद भी लोग अगर अपने घरों से निकलते हैं तो उन पर मामला दर्ज किया जाएगा।
