Oct 28 2026 / 12:42 AM

मोदी सरकार के राहत पैकेज पर बोले राहुल गांधी- सरकार ने उठाया सही कदम

नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी है। इससे आर्थिक हालात न बिगड़े इसे लेकर केंद्र की मोदी सरकार ने गुरूवार को बड़ी घोषणा कर दी है। देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गरीबों की मदद के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 1.70 लाख करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया है।

इसके साथ कोरोना जैसे खतरनाक वायरस से निपटने में जुटे लोगों को 50 लाख का मेडिकल इंश्योरेंस कवर देने के फैसले पर भी मुहर लगाई है। इस पुरे फैसले पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आयी है। राहुल ने इसे सही दिशा में उठाया गया पहला कदम बताया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि सरकार की ओर वित्तीय पैकेज की घोषणा सही दिशा में पहला कदम है। भारत पर उसके किसानों, दिहाड़ी मजदूरों, श्रमिकों, महिलाओं और बुजुर्गों का कर्ज है जिन्हें मौजूदा लॉकडाउन में सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण तथा इसकी रोकथाम के लिये किये गये लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था पर पड़ रहे असर को कम करने के लिये गुरुवार को आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा की। वित्तमंत्री ने कहा कि इस पैकेज के तहत गरीबों और दिहाड़ी मजदूरों को सीधे उनके बैंक खाते में नकद राशि का हस्तांतरण कर उनको खाद्य सुरक्षा प्रदान की जाएगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोगों से कोरोना वायरस की गंभीरता को समझने और घरों में रहने की अपील करते हुए मंगलवार को 21 दिनों के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की थी।

Share With

मध्यप्रदेश