कोरोना से जंग: रेलवे ने आइसोलेशन वार्ड में बदलीं ट्रेन की बोगियां
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है और इससे संक्रमित लोगों की संख्या 900 के लगभग पहुंच चुकी है। इस बीच भारतीय रेलवे ने भी ट्रेन की बोगियों को आइसोलेशन वार्ड में तब्दील किया है। रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार उत्तर रेलवे के तहत जगाधरी वर्कशॉप में 28 बोगियों को आइसोलेशन वार्ड में बदला गया है।
वहीं रेलवे ने कहा कि जरूरत आने पर वह ऐसे तीन लाख आइसोलेशन बेड बना सकता है। बताया गया है कि 28 नॉन एसी कोच को आइसोलेशन वार्ड में बदला गया है। जगाधरी वर्कशॉप में पांच और AMV में 5 कोच आइसोलेशन वार्ड में बदला गया है। दोनों वर्कशॉप्स प्रोटोटाइप कोच फाइनल स्टेज में है।
बताया गया कि 28 कोच 10 दिनों के भीतर यानी 6 अप्रैल तक तैयार कर दिया जाएगा। हर कोच के आखिरी पार्टिशन से दरवाजे को हटा दिया गया है। साथ ही हर कोच के आखिरी में 1 इंडियन स्टाइल टॉयलेट को बाथिंग रूम में बदला जा रहा है। टॉयलेट में बाल्टी, मग और शोप डिश भी रखा गया है। साथ ही मिडिल बर्थ्स को भी हटा दिया गया है।
रेलवे की ओर से जानकारी दी गई नॉन एसी कोच में ऊपर की तीसरी सीट यानी अपर बर्थ पर चढ़ने के लिए लगाई गई सीढ़ियों को भी हटा दिया गया है। साथ ही हर केबिन में दो बॉटल होल्डर भी लगाये जा रहे हैं ताकि मेडिकल इक्विपमेंट को रखा जा सके। बताया गया कि बागियों के चार्जिंग स्लॉट्स को भी सही किया जा रहा है। साथ ही हर केबिन में प्लास्टिक पर्दे लगाने की तैयारी भी लगाये जा रहे हैं।
बता दें कि दुनियाभर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 22,000 से ज्यादा हो चुकी है वहीं 5 लाख से ज्यादा लोग इससे संक्रमित हो गए हैं। भारत में भी इससे 900 के लगभग लोग संक्रमित हो चुके हैं और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।
