मजदूरों के पलायन पर बोली प्रियंका गांधी- हमें शर्म आनी चाहिए…
नई दिल्ली। देश में लगातार कोरोना वायरस को लेकर मरीजो की संख्या बढ़ती जा रही है वहीं परेशान मजदूर शहरों से पलायन कर रहे हैं। मजदूरों द्वारा किये जा रहे पैदल पलायन पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होने कहा कि इस स्थिति को लेकर हम सभी को शर्म आनी चाहिए।
उन्होंने गरीबों के पैदल पलायन का एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया, इन मजबूर हिंदुस्तानियों के साथ ऐसा सलूक मत कीजिए। हमें शर्म आनी चाहिए कि हमने इन्हें इस हाल में छोड़ दिया है। ये हमारे अपने हैं। प्रियंका ने कहा, मजदूर देश की रीढ़ की हड्डी हैं। कृपया इनकी मदद करिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने मजदूरों के पलायन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि सरकार को इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए। बता दें कि 21 दिनों की संपूर्ण देशबंदी की घोषणा के बाद से विभिन्न महानगरों से मजदूर अपने गांव को लौट रहे है क्योंकि उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
राहुल ने ट्वीट करके लिखा, सरकार इस भयावह हालत की जिम्मेदार है। नागरिकों की ये दशा करना एक बहुत बड़ा अपराध है। आज संकट की घड़ी में हमारे भाइयों और बहनों को कम से कम सम्मान और सहारा तो मिलना ही चाहिए। सरकार जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए ताकि ये एक बड़ी त्रासदी ना बन जाए।
इससे पहले उन्होंने कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से पलायन करने वाले लोगों को खाना-पानी देने की अपील की। उन्होंने लिखा, आज हमारे सैकड़ों भाई-बहनों को भूखे-प्यासे परिवार सहित अपने गांवों की ओर पैदल जाना पड़ रहा है। इस कठिन रास्ते पर आप में से जो भी उन्हें खाना-पानी-आसरा-सहारा दे सके, कृपा करके दे! कांग्रेस कार्यकर्ताओं-नेताओं से मदद की खास अपील करता हूं। जय हिंद!
