राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र- इस मुसीबत की घड़ी में हम सरकार के साथ
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कोविड-19 से जुड़े कुछ सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा है कि इस मुसीबत की घड़ी में हम सरकार के साथ हैं। हम सरकार के साथ मिलकर इस चुनौती से लड़ेंगे। बता दें कि भारत में कोरोना वायरस से 25 लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमित लोगों का आंकड़ा 1000 के करीब जा पहुंचा है।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में लिखा है कि पूरे देश में पूरी तरह से लॉकडाउन करने के बजाए गरीबों के हित में कुछ कदम उठाने की जरूरत है। लॉकडाउन के बाद से ही देश के तमाम हिस्सों से गरीबों को परेशानी होने की खबरें आ रही हैं। शनिवार शाम तो आनंद विहार पर अपने घरों को लौट रहे दिहाड़ी-मजदूर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इससे पहले दिल्ली-गाजियाबाद सीमा पर भी सैकड़ों लोग सड़कों पर थे, जो पैदल ही अपने घर की ओर जा रहे थे।
राहुल गांधी ने अपने पत्र में ये भी कहा है कि मोदी सरकार को इस बात पर विचार करना चाहिए कि देश भर में लॉकडाउन करने से हमारे अपने लोगों, अपनी सोसाएटी और अपनी इकोनॉमी पर असर पड़ेगा। उन्होंने ये भी लिखा है कि बाकी दुनिया के मुकाबले भारत का केस यूनीक है। ऐसे में हमें बाकी दुनिया के मुकाबले दूसरे तरह से कदम उठाने की जरूरत है। हमारे देश में गरीबों की संख्या बहुत अधिक है, जो रोजाना कमाई करने पर निर्भर करते हैं।
पूरी तरह से लॉकडाउन करने की वजह से कोविड-19 वायरस का हमारी इकोनॉमी पर काफी बुरा असर पड़ेगा और मौतों का आंकड़ा काफी बढ़ जाएगा। हमारी प्राइओरिटी ये होनी चाहिए कि हम बूढ़े और ऐसे लोगों को पहले आइसोलेट करें, जो कोरोना वायरस की चपेट में जल्दी आ सकते हैं और जवान लोगों को एक दूसरे के करीब होने की खतरे को समझाएं।
