Oct 28 2026 / 6:31 PM

देश अभी कोरोना के थर्ड स्‍टेज में नहीं: स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय

नई दिल्ली। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कोरोना वायरस की भारत में स्थिति को लेकर विस्तार से जानकारी दी। मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि कोरोना भारत में अभी स्‍थानीय ट्रांसमिशन स्टेज यानी दूसरे चरण में ही है। अभी यह तीसरे चरण यानी कम्युनिटी ट्रांसमिशन स्टेज में नहीं पहुंचा है।

मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 92 नए मामले सामने आए हैं और चार लोगों की इस जानलेवा वायरस से मौत हुई है। अबतक देश में 1071 कुल मामले सामने आए हैं और भारत में मौतों की संख्या 29 हो गई है। अग्रवाल ने कहा, हम सभी को सामाजिक दूरी बनाए रखनी चाहिए। यहां तक कि एक व्यक्ति की लापरवाही से कोरोना वायरस महामारी के रूप में फैल सकती है।

उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से भारत में COVID-19 अभी भी स्थानीय ट्रांसमिशन चरण में है, अब तक कोई सामुदायिक प्रसारण नहीं हुआ है। अगर भारत में यह सामुदायिक ट्रांसमिशन लेवल पर पहुंचता है तो मंत्रालय इस बारे में बताएगी।

उन्होंने कहा, भारत में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने की गति और इससे जुड़े आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि देश में संक्रमण के मामले 100 से 1000 तक पहुंचने में 12 दिन लगे। जबकि विकसित देशों में इस अवधि में संक्रमित मरीजों की संख्या 3500 से 8000 तक पहुंच गई। इससे स्पष्ट है कि भारत में इसके संक्रमण की दर तुलनात्मक रूप से कम है।

सचिव ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्रालय ने देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र में चिकित्सा उपकरण और आपातकालीन सामानों की आपूर्ति के लिए विशेष कार्गो उड़ानें चलाने के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। बरेली में प्रवासी मजदूरों पर छिड़काव किए जाने के वायरल वीडियो पर स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव ने कहा कि बरेली के जिला मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि कुछ कर्मचारियों ने अज्ञानता के कारण ऐसा किया लेकिन उन कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई है।

Share With

मध्यप्रदेश