आज पीएम मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से करेंगे वीडियो कांफ्रेंसिंग
नई दिल्ली। देश भर में कोरना वायरस का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब तक करीब 1958 लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। जबकि भारत में मौत का आंकड़ा 52 हो गया है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बातचीत करेंगे।
देश में कोरोनावायरस फैलने के बाद पीएम दो बार देश को संबोधित कर चुके हैं। पहली बार उन्होंने एक दिन के ‘जनता कर्फ्यू’ का ऐलान किया था, जिसे पूरे देश में भारी समर्थन मिला था। इसमें उन्होंने लॉकडाउन का संकेत देते हुए देशवासियों से कुछ हफ्तों का समय मांगा था।
इसके बाद उन्होंने 24 मार्च को देश में तीन सप्ताह के लॉकडाउन का ऐलान कर दिया। पीएम एक बार अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी कोरोना वायरस से लड़ने और लोगों से लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील कर चुके हैं।
वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न स्थिति को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बातचीत की। देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। राज्य में कोरोना वायरस के अब तक 335 मामले सामने आए हैं।
