इंदौर फिर शर्मसार: गश्त कर रहे पुलिसवालों पर पत्थरों से हमला
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर अभी स्वास्थ्यकर्मियों पर पथराव का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि मंगलवार को शहर के चंदन नगर इलाके में गश्त कर रहे जवानों पर पत्थरबाजी की गई तो दूसरी घटना में बाइक सवार युवकों ने रोके जाने पर पुलिसकर्मियों पर थूक दिया।
मंगलवार की शाम शहर के चंदन नगर में पुलिस पर हमला किया गया। यह इलाका कोरोना वायरस संक्रमण के लिहाज से संवदेनशील है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम नासिर, इमरान, सलीम और समीर हैं। एएसपी मनीष खत्री ने बताया कि चंदन नगर इलाके में पुलिस का गश्ती वाहन घूम रहा था, इसी दौरान कुछ लोग वैन में सवार होकर कहीं जाने की तैयारी में थे।
पुलिस जवान ने जब वाहन को चेकिंग के लिए रोका तो इसमें सवार आरोपियों ने पथराव कर दिया। जवान ने आला अधिकारियों को इसकी सूचना दी। पुलिस फौरन हरकत में आई और राजेंद्र नगर सीएसपी, अन्नपूर्णा एएसपी मनीष खत्री की टीम ने 60 पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में दबिश दी और 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं।
वहीं दूसरी घटना छावनी चौराहे पर हुई। यहां चेकिंग कर रहे पुलिसकर्मियों ने बाइक पर जा रहे दो युवकों को रोका और उनसे बाहर निकलने की वजह पूछी तो वह इसकी ठोस वजह नहीं बता पाए। दोनों ने मास्क भी नहीं पहना था। पुलिसकर्मियों ने जब कार्रवाई का कहा तो बदतमीजी करने लगे और इसी बीच दोनों ने वहां खड़े जवानों पर थूक दिया। जवानों की शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। यह दोनों जवाहर मार्ग पर रहते हैं। इनकी पहचान मोइज अली और फजल हुसैन जावदवाला के रूप में हुई है।
