Oct 28 2026 / 11:28 AM

पर्याप्त मात्रा में टेस्ट होने लगे, तो आंकड़े और भयावह होंगे: कमलनाथ

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 8 और रायसेन में तीन नए मामले मिलने के बाद प्रदेश में इससे प्रभावित की संख्या 562 से बढ़कर 573 हो गयी और 41 लोगों की मौत हुयी है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश सरकार पर कोरोना के टेस्ट कम कराने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब कम टेस्ट हो रहे हैं, तब पॉजीटिव रोगियों की संख्या इतनी ज्यादा है। अगर पर्याप्त मात्रा में टेस्ट होने लगे, तो आंकड़े और भयावह हो सकते हैं।

प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि पूरे देश के साथ‑साथ प्रदेश में भी टेस्टिंग किट की भारी कमी है। इसके चलते कम लोगों की टेस्टिंग की जा रही है। उन्होंने कहा है कि 10 लाख में से सिर्फ 25-30 लोगों की ही टेस्टिंग हो पा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा है कि कोरोना के जो आंकड़े आ रहे हैं, वे सिर्फ शहरों के हैं, क्योंकि ग्रामीण क्षेत्र में तो टेस्टिंग हो ही नहीं रही है। उन्होंने कहा है कि बड़ी संख्या में देश के अन्य राज्यों से लौटे प्रदेश के मजदूर संक्रमित हो सकते हैं, इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण की दर ज्यादा हो सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा है कि अगर राज्य सरकार पर्याप्त मात्रा में शहरी और ग्रामीण सभी क्षेत्रों में टेस्ट कराए, तो कोरोना पॉजीटिव लोगों के आंकड़े और भी भयावह हो सकते हैं।

Share With

मध्यप्रदेश