देश में 24 घंटे में कोरोना के 1409 नए केस, संक्रमितों की संख्या 21,393 पहुंची
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1409 नए केस सामने आए हैं और 41 लोगों की मौत हुई है। वहीं, देश में कोरोना से अब तक 681 लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 21,393 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल के अनुसार जहां पहले ऐसे 4 जिले थे जहां कोई केस नहीं आए थे, अब ये संख्या बढ़कर 12 हो गई है। देश में 78 ऐसे जिले हैं जहां पिछले 14 दिनों से कोई केस नहीं आया है।
पर्यावरण सचिव सीके मिश्रा ने कहा कि 23 मार्च तक हमने देशभर में महज 14,915 टेस्ट किए थे और अब 22 अप्रैल तक हमने पांच लाख से ज्यादा टेस्ट कर लिए हैं। हालांकि यह पर्याप्त नहीं है और हमें देश में रैपिड टेस्टिंग की जरूरत। हम कोरोना के प्रसार को रोकने में सक्षम हैं। हमने इस समय का उपयोग भविष्य में खुद को तैयार करने के लिए किया है। इसके बढ़ने की दर बढ़ और घट सकता है लेकिन घातक नहीं हो रहा है।
वहीं, गृह मंत्रालय ने कहा कि देश में लॉकडाउन अबतक संतोषजनक है और कई सेवाओं पर धीरे-धीरे छूट दी जा रही है। बता दें कि देश में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए 19 दिनों के लिए लॉकडाउन को बढ़ाया गया। अब 3 मई को लॉकडाउन खत्म होगा।
