Oct 28 2026 / 6:16 PM

दूसरे राज्यों में फंसे यूपी के मजदूरों को वापस लाएगी योगी सरकार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा है कि दूसरे राज्यों में फंसे यूपी के श्रमिकों, कामगारों व मजदूरों को वापस लाया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

सीएम ने इसके लिए बस एक ही शर्त रखी है कि सरकार सिर्फ उन्हीं मजदूरों को वापस लाएगी जो किसी अन्य प्रदेश में 14 दिन का क्वारंटीन पूरा कर चुके हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर कोर टीम (टीम-11) के साथ बैठक में कहा, दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के जिन मजदूरों ने क्वारंटीन की अवधि पूरी कर ली है, उनको हम वापस लाएंगे।

वापस लाने से पहले बॉर्डर पर उनकी विधिवत स्क्रीनिंग करेंगे। उसके बाद उन्हें उनके गृह जनपद में 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा।

सीएम ने मजदूरों के लिए बनाए जाने वाले क्वारंटीन स्थलों पर पूल टेस्टिंग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि मजदूरों की यूपी वापसी की यह प्रक्रिया चरणबद्ध होगी और इसकी शुरुआत हरियाणा से की जाएगी।

इसके साथ ही इन सभी को आर्थिक मदद भी दी जाएगी। इनको प्रदेश सरकार राशन किट और एक-एक हजार रुपया देगी। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के 11 हजार मजदूर हरियाणा में क्वारंटीन सेंटर में हैं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए यूपी के हॉटस्पॉट मॉडल की देशभर में प्रशंसा हो रही है। उन्होंने लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाने के निर्देश दिए।

Share With

मध्यप्रदेश