Oct 28 2026 / 5:38 PM

दिल्ली में केंद्र सरकार के आदेश के मुताबिक दुकानें खुलेंगी: केजरीवाल

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में भी दुकानें खोली जाएंगी। हालांकि इस दौरान मार्केट या मॉल नहीं खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि 3 मई तक लॉकडाउन में कोई ढील नहीं दी जाएगी। सीएम ने लोगों से प्लाज्मा डोनेट करने की भी अपील की।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने रविवार को डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि परसों रात को केंद्र सरकार ने कुछ दुकानों को खोलने का फैसला किया है। हम केंद्र सरकार के उस आदेश को दिल्ली में भी लागू कर रहे हैं। जो जरूरी सेवाओं की दुकानें थीं, मसलन दवाई की दुकान, किराने की दुकान, फल सब्जी की दुकान वगैरह वो ऐसे ही चलती रहेंगी।

केजरीवाल ने कहा, कोई बाजार या कॉम्प्लेक्स या शॉपिंग मॉल नहीं खुलेंगे, लेकिन आवासीय क्षेत्र में एकल दुकानें या स्टैंड अलोन दुकानें खोले जाने की अनुमति है। हालांकि, कन्टेनमेंट जोन में ऐसी कोई दुकानें नहीं खोली जाएंगी।

उन्होंने कहा, जहां सरकार ने कह रखा है कि वे 27 अप्रैल को छूट की समीक्षा करेंगे, हम 3 मई तक किसी और छूट की अनुमति नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन पर केंद्र के फैसले के बाद भविष्य के सभी दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने 3 मई तक देशभर में लॉकडाउन लगा रखा है।

Share With

मध्यप्रदेश