Oct 28 2026 / 5:39 PM

देश में 24 घंटे में कोरोना के 1990 नए केस, 49 लोगों की मौत

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 26 हजार के पार पहुंच गया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार रविवार सुबह तक कोरोना के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 26 हजार 496 पहुंच गई है। वहीं, कोरोना की चपेट में आकर अब तक 824 लोगों की मौत हो चुकी है।

पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1990 नए केस सामने आए हैं, जबकि 49 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभी कोरोना के 19868 एक्टिव केस हैं। वहीं, 5804 कोरोना संक्रमित मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।

वहीं, देश की राजधानी दिल्ली का हाल भी बेहाल है। दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 2625 तक जा पहुंचा है। हिंदू राव अस्पताल में नर्स के कोरोना संक्रमित होने के कारण अस्पताल को बंद कर दिया गया है। पूरे अस्पताल को सैनिटाइज करने के बाद खोला जाएगा। इसके अलावा दिल्ली स्थित एम्स के कैंसर डिपार्टमेंट की एक नर्स भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।

देश के महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण की भयानक मार है। जहां कोरोना मरीजों की संख्या 7 हजार के पार पहुंच गई है। महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 323 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 4500 के पार जा पहुंची है, अकेले मुंबई में कोरोना की चपेट में आकर 178 लोगों की मौत हो चुकी है। मुंबई के धारावी में 21 नए मरीज मिलने के बाद संक्रमितों का आंकड़ा 241 पहुंच गया है। अब तक अकेले धारावी में 14 लोगों की मौत हुई है।

राजस्थान में रविवार सुबह 9 बजे तक कोरोना के 58 नए मामले सामने आए हैं, जिसके साथ राज्य में कुल कोरोना मरीजों की संख्या 2141 पहुंच गई है। वहीं, लखनऊ KGMU में पिछले 24 घंटे में 665 लोगों का कोरोना टेस्ट हुआ। जिसमें से 5 मरीज कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें 3 मामले लखनऊ के हैं, जबकि कानपुर के 2 लोग पॉजिटिव आए हैं।

Share With

मध्यप्रदेश