Oct 28 2026 / 4:13 PM

जम्मू-कश्मीर: शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, 2 आतंकी ढेर

नई दिल्ली। देश कोरोना संकट से जूझ रहा है तो वहीं दूसरी तरफ आंतकी भी अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने में लगे हुए हैं, लेकिन भारतीय सेना लगातार हर खतरे को खत्म करते हुए आतंकियों के सफाए में जुटी हुई है। इसी कड़ी में सुरक्षाबल को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।

शोपियां में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। हालांकि आतंकियों की पहचान अभी तक नहीं की जा सकी है। आतंकी और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ अभी भी जारी है। सुरक्षाबल तीसरे आतंकी की तलाश में जुटे हैं।

पुलिस ने बताया कि मेलहुरा गांव में तीन से चार आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की एसओजी टीम ने सेना की 55आरआर और सीआरपीएफ की 178 और 179 बटालियन के जवानों के साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया और गांव की घेराबंदी की।

इस दौरान घर-घर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, तभी आतंकियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। वहीं सुरक्षाबलों ने भी अपनी पोजीशन लेते हुए जवाबी कार्रवाई की और दो आतंकियों को ढेर कर दिया। बाकी आतंकियों को दबोचने के लिए ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Share With

मध्यप्रदेश