पंजाब में दो हफ्ते के लिए बढ़ाया गया लॉकडाउन, सुबह 7 से 11 बजे तक मिलेगी छूट
नई दिल्ली। कोरोन वायरस के संक्रमण की दर को देखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य में पहले से लगे कर्फ्यू को अगले दो हफ्ते तक बढ़ाने का फैसला लिया है। लॉकडाउन का दूसरा चरण 3 मई को खत्म होना है। लेकिन पंजाब में ये अगले दो हफ्ते और लागू रहेगा। हालांकि इस दौरान सुबह 7 से 11 बजे तक छूट दी गई है, ताकि उद्योग/ काम शुरू किए जा सकें।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि आपको राहत देने के लिए रोजाना 7-11 बजे तक लॉकडाउन लिफ्ट किया जाएगा। आप अपने घरों से बाहर आ सकते हैं, दुकानें खुली रहेंगी। 11 बजे के बाद फिर लॉकडाउन जारी रहेगा। इसके आगे दो और हफ्ते तक लॉकडाउन रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना की बीमारी की वजह से जो कर्फ्यू और लॉकडाउन पंजाब में लगाया गया था आज उसका 38वां दिन हो गया है। 1 दिन, 2 दिन करना तो ठीक है पर 38 दिन करना आपकी बहुत बड़ी कुर्बानी है। ये कुर्बानी आपने अपने पंजाब, यहां रहने वाले अपने लोग और रिश्तेदारों के लिए दी है।
बता दें कि 29 अप्रैल को पंजाब में कोरोना वायरस के 9 नए मामले सामने आए। इसके साथ, पंजाब में कोरोनावायरस संक्रमण के मामले 322 तक पहुंच गए। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार इन मामलों में 71 ठीक हो गए हैं और 19 की मौत हो गई है। राज्य में रिपोर्ट किए गए कुल 322 मामलों में से 245 के लिए जिलेवार संख्या उपलब्ध हैं। एसएएस नगर में कोविड-19 मामलों की संख्या सबसे अधिक थी।
पूरे देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या बुधवार को 31 हजार के पार पहुंच गई। कुल 31,323 मरीजों में से 7696 लोगों या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनको अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। जबकि कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या एक हजार पार कर चुकी है।
