1200 मजदूरों को लेकर हैदराबाद से झारखंड के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन
नई दिल्ली। लॉकडाउन के कारण अपने घर और अपनों से दूर लोगों के लिए खुशखबरी है। आज तेलंगाना सरकार के अनुरोध पर और रेल मंत्रालय के निर्देशानुसार लिंगमपल्ली (हैदराबाद) से हटिया (झारखंड) तक आज सुबह एक विशेष ट्रेन चलाई गई। यह ट्रेन हैदराबाद के लिंगमपल्ली स्टेशन से 1284 मजदूरों को लेकर एक विशेष ट्रेन झारखंड के हटिया के लिए रवाना हुई है।
आरपीएफ के डीजी अरूण कुमार ने बताया कि हैदराबाद से रवाना हुई यह ट्रेन ट्रेन नॉन‑स्टाप चलेगी और शुक्रवार रात ही करीब साढ़े ग्यारह बजे के आसपास हटिया पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी मजदूरों की जांच भी की गई थी और हटिया पहुंचने पर वहां की सरकार भी सभी मजदूरों की स्क्रीनिंग कराने का काम करेगी। बता दें कि झारखंड के करीब पांच लाख मजदूर विभिन्न राज्यों में फंसे हैं।
अलग-अलग राज्यों में फंसे मजदूरों, पर्यटकों, छात्रों और सैलानियों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए पंजाब, महाराष्ट्र, बिहार समेत 5 राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की है। मुख्यमंत्रियों ने कहा कि संक्रमण फैलने के डर से लाखों लोगों को बसों में लेकर आना मुश्किल है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टर अमरिंदर सिंह ने कहा कि लाखों लोगों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए केंद्र को ट्रेनें चलानी होंगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पहले ही यह मांग कर चुके हैं। इसके अलावा बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी, तेलंगाना के सीएम केसीआर और केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन ने भी यह मांग उठाई।
एक रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के 30 लाख लोग दूसरे राज्यों में फंसे हुए हैं। उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी बताया कि बाहर फंसे 17 लाख मजदूरों को राज्य सरकार ने सहायता राशि भेजी है। यह संख्या केवल मजदूरों की है। 28 लाख लोगों ने इसके लिए आवेदन किया है। इसके अलावा 5-7 लाख छात्र और अन्य लोग बढ़ सकते हैं।
