Oct 28 2026 / 2:45 PM

राज्यपाल श्री टंडन ने परीक्षाओं के लिए गठित की 6 सदस्यीय समिति

समिति 8 मई तक प्रस्तुत करेगी प्रतिवेदन

भोपाल। राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने विश्वविद्यालयीन परीक्षाओं के कार्यक्रम निर्धारण और अकादमिक कैलेंडर के पुनर्नियोजित करने की आवश्यकता प्रतिपादित करते हुए कहा है कि कोविड-19 की गाइड लाइन्स का पालन करते हुए परीक्षाओं का कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिये है।

श्री टंडन ने इसके लिए उच्च स्तर पर चिंतन-मनन कर कार्रवाई के लिए 6 सदस्यीय उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया है। जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति श्रीमती संगीता शुक्ला को समिति का संयोजक बनाया है। समिति में 5 कुलपति और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा नामांकित एक प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। समिति को आगामी 8 मई तक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।

राज्यपाल के सचिव श्री मनोहर दुबे ने बताया कि समिति द्वारा समस्त आयुर्विज्ञान, प्रोद्यौगिकी और कृषि विश्वविद्यालयों के साथ चर्चा कर परीक्षा कार्यक्रम एवं अकादमिक कैलेंडर तैयार किया जाएगा। समिति के सदस्यों में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर.जे.राव, अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पीयूष अग्रवाल, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय भोपाल के कुलपति प्रो. सुनील कुमार और भोज मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो. जयंत सोनवलकर को शामिल किया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश