दिल्ली: एक ही बिल्डिंग के मिले 41 कोरोना संक्रमित लोग
नई दिल्ली। दिल्ली के कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। कापसहेड़ा में एक ही बिल्डिंग में 41 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दिल्ली में एक ही जगह पर इतने लोगों के कोरोना संक्रमित पाए जाने से हड़कंप मच गया है। दरअसल, दिल्ली के कापसहेड़ा में एक मकान में 18 अप्रैल को एक कोरोना का मामला सामने आया था।
घनी आबादी का इलाका देखते हुए प्रशासन ने 19 अप्रैल को इलाके को सील करने के आदेश दे दिए थे। इसके बाद यहां के 95 लोगों के सैंपल 20 अप्रैल को और 80 लोगों के सैंपल 21 अप्रैल को लिए गए और यह सैम्पल नोएडा की NIB लैब में भेजे गए। कुल मिलाकर 175 लोगों के सैंपल में से 67 लोगों के सैंपल की रिपोर्ट आज आई है। इनमें से 41 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इस इलाके में प्रवासी मजदूरों की बड़ी आबादी रहती है। दिल्ली और गुरुग्राम की फैक्ट्रियों में काम करने वाले अधिकतर लोग इसी इलाके में रहते हैं। यह बेहद घनी आबादी वाला इलाका है। यहां संकरी गलियों में सैकड़ों की संख्या में मजदूर रहते हैं। जानकारी के मुताबिक इस इलाके में सवा लाख से अधिक लोग रहते है।
