पालघर मॉब लिंचिंग का एक आरोपी निकला कोरोना पॉजिटिव
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर में 16 अप्रैल को दो साधुओं की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक आरोपी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। आरोपी को पालघर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरोपी वाडा पुलिस थाने की कस्टडी में था।
बता दें कि गुरुवार को पालघर के गडचिंचले मॉब लिचिंग मामले में 101 आरोपियों को डहाणू कोर्ट में पेश किया गया था जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। इन आरोपियों में से एक में आज कोरोना की पुष्टि हुई है जिसके बाद से पुलिस हरकत में आ गई है।
मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उन सभी आरोपियों को क्वारंटीन करेगी जो मरीज के संपर्क में आए हैं। पुलिस उन सभी लोगों की खोज में जुट गई है जो लोग उस आरोपी के संपर्क में आये और जो लोग लिंचिंग वाले वीडियो में नजर आ रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की चार दिन पहले अदालत में पेश किया गया था। इस दौरान उसके संपर्क में आए और थाने में संपर्क में आए पुलिसवालों को क्वारंटाइन करके उनकी जांच के लिए सैंपल भेजे जा रहे हैं। ऐसे 23 पुलिसवाले चिन्हित किए गए हैं।
