Oct 28 2026 / 2:00 PM

अंकित शर्मा के परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए: सीएम केजरीवाल

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के खिलाफ जारी लड़ाई की वजह से देश में जो लॉकडाउन लागू है आज उसमें कुछ रियायतें मिल रही हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज अपने दफ्तर पहुंचे और कैबिनेट बैठक की। इस बैठक में दिल्ली हिंसा के दौरान मारे गए आईबी अधिकारी अंकित शर्मा के परिवार के लिए सोमवार को 1 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि कोरोना महामारी के चलते फैसले को मंजूरी मिलने में थोड़ी देर हो गई। उम्मीद है इसी हफ़्ते उनके परिवार को राशि मिल जाएगी।

सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, दिल्ली हिंसा में आईबी अफसर अंकित शर्मा जी की बहुत ही दर्दनाक तरीके से हत्या की गई थी। उनके परिवार के लिए हमने एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि का एलान किया था। आज उस निर्णय को कैबिनेट ने मंजूरी दी है। कोरोना के चलते इसमें देर हो गई। उम्मीद है इसी हफ्ते उनके परिवार को राशि मिल जाएगी।

वहीं बैठक में ई-रिक्शा मालिकों के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया कि लॉकडाउन के दौरान दिल्ली के ड्राइवरों की मदद के लिए हम PSV बैज धारकों को 5000 दे रहे हैं। इस बीच हमें ये जानकारी मिली कि हजारों ई-रिक्शा के मालिकों के पास PSV बैज नहीं है। आज कैबिनेट ने तय किया है कि ऐसे सभी ई-रिक्शा मालिकों को भी हम 5,000 सहायता राशि देंगे।

बता दें कि दिल्ली में अधिकतर टैक्सी वालों के पास पब्लिक सर्विस व्हीकल बैज है, जिसके तहत सरकार उनको खर्च दे रही है। पिछले एक महीने से दिल्ली में कोई भी वाहन नहीं चल रहा था, इसी के चलते राज्य सरकार ने ये फैसला लिया था।

Share With

मध्यप्रदेश