देश में 24 घंटे में कोरोना के 3900 नए केस, 195 लोगों की गई जान
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 3900 नए केस सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में कोरोना के कुल मामलों की तादाद बढ़कर 46433 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 195 मौतें हुई हैं, जिसके कारण मरने वालों की संख्या 1568 हो चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना के सबसे ज्यादा केस आए हैं और सबसे ज्यादा मौतें हुई हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान 195 लोगों की जान गई है और 3900 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि कोरोना का रिकवरी रेट बढ़कर 27.41 फीसदी हो गया है।
लव अग्रवाल ने बताया की देश में कुल 32138 सक्रिय मामले हैं, पिछले 24 घंटे में 3900 नए मामले सामने आए हैं जिसके कारण कुल मामलों की संख्या अब 46433 हो गई है, पिछले 24 घंटे में 195 मौतें हुई हैं, जिसके कारण मरने वालों की संख्या 1568 हो चुकी है।
गृह मंत्रालय ने कहा कि सरकार विदेश में फंसे भारतीय को वापस लाएगी। उड़ान से पहले यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग की जाएगी। जिन भारतीयों में खांसी, बुखार या सर्दी के लक्षण पाए जाते हैं उन्हें यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वहीं, भारत आने के बाद इन लोगों को 14 दिनों तक अस्पताल या किसी अन्य स्थान पर क्वारंटीन में रखा जाएगा। यात्रा के दौरान यात्रियों को स्वास्थ्य मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी किए गए स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
गृह मंत्रालय ने बताया कि दूसरे राज्यों में फंसे लोगों को लाने के लिए अबतक भारतीय रेलवे ने 62 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया है। आज 13 और ट्रेनें चलाई जा रही हैं जो अन्य राज्यों से लोगों को उनके गृह राज्यों में लेकर जाएंगी।
