Oct 28 2026 / 1:13 PM

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मौलाना साद के बेटे से की पूछताछ

नई दिल्ली। तबलीगी जमात के मुखिया मौलाना साद अब तक पुलिस के गिरफ्त से बाहर हैं। इस बीच पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मौलाना साद के बेटे को अपनी गिरफ्त में लेकर 2 घंटे तक पूछताछ की और उन तमाम लोगों की जानकारी मांगी जो मरकज का कामकाज देखते हैं।

लिहाजा, अब क्राइम ब्रांच ने मौलाना साद के परिवार से सच उगलवाने का कदम उठाया है। क्राइम ब्रांच ने मौलाना साद के एक बेटे से पूछताछ की है। मौलाना साद के बेटे सईद से मंगलवार को करीब 2 घंटे तक पूछताछ की गई। इस दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने सईद से ऐसे करीब 20 लोगों की डिटेल्स मांगी है जो मरकज में आने-जाने वाले लोगों और वहां की पूरी व्यवस्था का जिम्मा संभालते हैं।

बता दें कि मौलाना साद के तीन बेटे हैं और सईद मरकज से जुड़े कामों में सबसे ज्यादा सक्रिय बताया जाता है। यही वजह है कि क्राइम ब्रांच ने मौलाना साद पर शिकंजा कसने के लिये उनके बेटे से पूछताछ की है। पूछताछ के साथ सईद से ये भी कहा गया है कि वो अपने पिता से सरकारी अस्पताल में कोरोना संक्रमण का टेस्ट कराने के लिये कहें।

गौरतलब है कि मार्च महीने में कोरोना वायरस के खतरे और लॉकडाउन के बीच मरकज में नियमों का उल्लंघन करते हुये बड़ी संख्या में जमा हुए जमाती पकड़े गए थे। इनमें से ज्यादातर जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इस घटना के बाद मरकज के संचालक मौलाना साद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। क्राइम ब्रांच कई नोटिस मौलाना साद को भेज चुकी है, लेकिन अबतक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाए हैं।

Share With

मध्यप्रदेश