देश में कोरोना संक्रमित की संख्या 52,952 तक पहुंची, अब तक 1783 की मौत
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। वहीं भारत में कोरोना मरीजों की संख्या अब 52,952 हो गई है। वहीं इससे मरने वालों की संख्या 1783 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा अपडेट के मुताबिक, अब देश में कोरोना के कुल कंफर्म केस की संख्या 52,952 है। इसमें से 1783 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 हजार 267 लोग ठीक हो चुके हैं। देश में एक्टिव केस 35 हजार 902 हैं।
पिछले 24 घंटो में देश में करीब 3500 नए मामले आए हैं और करीब 90 लोगों की मौत हुई है। पिछले तीन दिनों में संक्रमण बढ़ने की रफ्तार सबसे तेज है। 4 मई को देश में 41 हजार संक्रमित थे, जो अब यानी 7 मई की सुबह तक बढ़कर करीब 53 हजार हो चुके हैं। हर रोज औसतन 3500 नए मामले सामने आ रहे हैं।
कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित महाराष्ट्र है। यहां अब तक 16 हजार 758 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 651 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 3094 लोग ठीक हो चुके हैं। महाराष्ट्र के बाद गुजरात में तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है। यहां अब तक 6 हजार 625 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 396 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं, दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 55 सौ के पार पहुंच गया है। यहां अब तक 5532 मामले आए हैं, जिसमें 65 की मौत हुई है। चौथे नंबर पर तमिलनाडु आ गया है। यहां अब तक 4829 केस की पुष्टि हुई है, जिसमें 35 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद राजस्थान में अब तक 3317 कंफर्म केस सामने आ चुके हैं, जिसमें 92 लोगों की मौत हो चुकी।
वहीं, मध्य प्रदेश में अब तक 3138 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 185 लोगों की मौत हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अब यहां मरीजों की संख्या 2998 हो गई है, जिसमें 60 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
