Oct 28 2026 / 10:42 AM

पीएम मोदी की अपील अमित शाह का बड़ा ऐलान, अब CAPF की कैंटीन में स्वदेशी उत्पादों की ही होगी बिक्री

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश को संबोधित करते हुए आत्मनिर्भर भारत अभियान का नारा दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। पीएम मोदी ने इसे ‘आत्मनिर्भर भारत’ पैकेज नाम दिया है। उन्होंने कहा कि इस पैकेज से अर्थव्यवस्था की गाड़ी पटरी पर दौड़ने लगेगी।

इसके साथ ही उन्होंने लोकल वोकल फॉर्मूला भी समझाया जो कि भविष्य में भारत के बाजार को बदल सकता है। इसपर गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान किया है। शाह ने ट्वीट किया कि अब सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज यानी CAPF के कैंटीनों में सिर्फ स्वदेशी सामानों की बिक्री होगी। नया नियम 1 जून से यानी अगले महीने से लागू होगा। उन्होंने देशवासियों से भी देश में बने उत्पादों को अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है।

गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, मैं देश की जनता से भी अपील करता हूं कि आप देश में बने उत्पादों को अधिक से अधिक उपयोग में लाएं व अन्य लोगों को भी इसके प्रति प्रोत्साहित करें। हर भारतीय अगर भारत में बने उत्पादों (स्वदेशी) का उपयोग करने का संकल्प ले तो 5 वर्षों में देश का लोकतंत्र आत्मनिर्भर बन सकता है।

शाह ने बताया कि गृह मंत्रालय ने बुधवार को फैसला लिया कि अब सीएपीएफ के कैंटीनों में देश में बने उत्पादों की ही बिक्री की जाएगी। उन्होंने ट्वीट किया, इसी दिशा में आज गृह मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है कि सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) की कैंटीनों पर अब सिर्फ स्वदेशी उत्पादों की ही बिक्री होगी। 01 जून 2020 से देशभर की सभी CAPF कैंटीनों पर यह लागू होगा। इससे लगभग 10 लाख CAPF कर्मियों के 50 लाख परिजन स्वदेशी उपयोग करेंगे।

Share With

मध्यप्रदेश