Oct 28 2026 / 10:42 AM

यूपी: पैदल जा रहे प्रवासी मजदूरों को बस ने कुचला, 6 की मौत, 4 घायल

मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाइवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। पैदल अपने गांव जा रहे प्रवासी मजदूरों को एक तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो घायलों को मेरठ के लिए रेफर किया गया है।

घटना घलौली चेक पोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास की है। बुधवार देर रात जब मजदूर पंजाब से पैदल अपने घर बिहार जा रहे थे, तभी बस ने उन्हें कुचल दिया। बताया जा रहा है कि हादसा रोडवेज बस से हुआ है। हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात 11:45 बजे हुआ।

पंजाब में काम करने वाले मजदूर देर रात को पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कोई रोडवेज बस उन्हें कुचलते हुए फरार हो गई। यह हादसा रोडवेज की बस से हुआ और वह आगरा के ताज डिपो की है। पुलिस ने रात में ही सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में मारे गए लोग बिहार के गोपालगंज के बताए जा रहे हैं।

Share With

मध्यप्रदेश