छत्तीसगढ़: 14 अप्रैल तक बंद रहेंगी सभी शराब दुकानें
राज्य सरकार के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने जारी किया आदेश
रायपुर। छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग ने चौथी बार शराब दुकान बंद को लेकर आदेश जारी किया है। अब शराब दुकानें 14 अप्रैल तक बंद रहेंगी। बार-रेस्टोरेंट भी 14 अप्रैल तक बंद रहेंगे। पहले 7 अप्रैल तक बंद का आदेश जारी किया गया था। लेकिन अब इसे बढ़ाकर 14 अप्रैल कर दिया गया है।
प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19) के संक्रमण से आमजनों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 14 अप्रैल तक लॉकडाउन किया गया है। वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग द्वारा मंत्रालय महानदी भवन से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। राज्य शासन द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है देशभर में लॉकडाउन भी 14 अप्रैल तक लागू है। लेकिन इस बीच यूपी सरकार ने बयान जारी किया था कि यहां बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए 15 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन जारी रखा जा सकता है।
