Oct 29 2026 / 5:06 AM

एमपी चुनाव: विरोध के बीच कांग्रेस ने बदले अपने 4 उम्मीदवार, बड़नगर से मुरली मोरवल को दिया टिकट

भोपाल। मध्य प्रदेश में मतदान की तारीख निकट आ रही है। इस बीच टिकट बंटवारे को लेकर कांग्रेस को पार्टी के अंदर भारी विरोध का सामना करना पड़ना रहा है। कई विधानसभा सीटों पर टिकट बंटवारे से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता भारी हंगामा कर रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी ने असंतुष्टों की नाराजगी दूर करने के लिए बुधवार को चार विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। इन सीटों में सुमावली, पपिरिया, बड़नगर और जावरा विधानसभा सीट शामिल है।

कांग्रेस ने जिन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों बदले हैं, उनमें पिपरिया से गुरु चरण खरे की जगह अब विरेंद्र बेलवंशी, सुमावली से कुलदीप सिकरवार की जगह अजब सिंह कुशवाहा, जावरा से हिम्मत श्रीमाल की जगह विरेंद्र सिंह सोलंकी और बड़नगर से राजेंद्र सिंह सोलंकी की जगह मुरली मोरवल को प्रत्याशी बनाया है।

बता दें कि टिकट बंटवारे के बाद कांग्रेस पार्टी अंतरकलह का सामना कर रही है। पार्टी के लिए मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विधानसभा चुनाव के कई दावेदार लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर टिकट बदलने की मांग कर रहे थे। इस बीच अब कांग्रेस ने चार सीटों पर उम्मीदवार बदलने का फैसला किया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी ने तीन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार बदले थे। पार्टी ने तीसरी सूची में बदलाव करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद प्रजापति को गोटेगांव विधानसभा सीट से, राजेंद्र भारती को दतिया से और अरविंद सिंह लोधी को पिछोर से विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

Share With

मध्यप्रदेश