सीएम योगी का ऐलान- लोगों के घरों तक पहुंचाएंगे दूध और जरूरी चीजें
लखनऊ। भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया है कि 21 दिनों तक पूरे भारत को लॉक डाउन किया जा रहा है। वही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लॉकडाउन घोषित किए जाने के बाद बड़ा ऐलान किया है।
सीएम योगी ने कहा कि सभी आमजन लॉकडाउन में सहयोग करें। राज्य सरकार इस बात के लिए जनता को आश्वस्त कर रही है कि हम लोगों ने पहले से इसकी तैयारी कर ली है। सीएम ने कहा कि दूध, दवा, दवाई अन्य आवश्यक सामानों का स्टॉक प्रदेश में पर्याप्त है।
सीएम ने कहा कि अपने स्वास्थ्य, परिवार और बच्चों के लिए कोई भी घर से ना निकले। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था बनाए रखें। सीएम ने कहा कि प्रदेश की 23 करोड़ जनता को हम आश्वस्त कर रहे हैं कि उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है और इस दिशा में हम काम कर रहे हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
सीएम ने कहा कि बुधवार से घर-घर दूध, दवा, फल जैसी आवश्यक चीजों को पहुंचाने का फैसला किया है। इसके लिए 10 हजार वाहनों को सुनिश्चित किया गया है। हमारी अपील है कि आप लोग बाहर ना निकले। इस संबंध में आपको पहले ही अवगत कराया जाएगा।
