लॉकडाउन में सस्ता हुआ गैस सिलेंडर
नई दिल्ली। लॉकडाउन के बीच आज आम जनता के लिए राहत भरी खबर आई है। आज से 19 किलोग्राम और 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी एलपीजी सिलिंडर के दाम सस्ते हो गए हैं। दरअसल, देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों HPCL,BPCL और IOC ने बगैर सब्सिडी वाले एलपीजी रसोई गैस सिलेंडर के दाम को घटाने की घोषणा की है। देश की राजधानी दिल्ली में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने गैर-सब्सिडाइज्ड 14.2 किलोग्राम वाला एलपीजी सिलेंडर 162.5 रुपये प्रति सिलेंडर सस्ता कर दिया है।
अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडाइज्ड रसोई गैस सिलेंडर की कीमत घटकर 581 रुपए रह गई है जो पहले 744 रुपए थी। वहीं, कोलकाता में दाम 774.50 रुपए से घटकर 584.50 रुपए, मुंबई में 714.50 रुपए से घटकर 579.00 रुपए और चेन्नई में 761.50 रुपए से घटकर 569.50 रुपए हो गए हैं।
वहीं 19 किलोग्राम LPG रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भी भारी कटौती की गई है। आज से लागू हुई नई दरों के हिसाब से नई दिल्ली में 19 किलो का रसोई गैस सिलेंडर 256 रुपए सस्ता हुआ है। इसकी नई कीमत अब 1285.50 रुपए से घटकर 1029.50 रुपए हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमतें घटकर 1086.00 रुपए, मुंबई में 978.00 रुपए और चेन्नई में 1144.50 रुपए पर आ गई है।
रसोई गैस सिलेंडर के दाम घटने से देश के 1.5 करोड़ ग्राहकों को फायदा होगा। रसोई गैस की खपत बढ़ने के का कारण कई परिवार ऐसे हैं जहां तय लिमिट के बाद सिलेंडर पर सब्सिडी का फायदा नहीं मिलता है। इस कटौती से उन परिवारों को बड़ा फायदा होगा।
