Oct 28 2026 / 11:42 PM

उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ दूसरे नम्बर पर

मंत्री कवासी लखमा को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने दिया अवार्ड

रायपुर। मध्यम और लघु उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ छलांग लगाते हुए दूसरे नम्बर पर पहुंच गया है, जिसके बाद आज नईदिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उद्योग मंत्री कवासी लखमा को केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी ने इस उपलब्धि के लिए अवार्ड दिया है।

वहीं अवार्ड मिलने के बाद मंत्री कवासी लखमा ने यह अवार्ड मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को सौंपा है। जहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्री लखमा को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है, मंत्री कवासी लखमा ने कहा यह अवार्ड मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कुशल नेतृत्व का नतीजा है।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य के आर्थिक विकास में लघु, सूक्ष्म और मध्यम उद्यम की महत्वपूर्ण सहभागिता है। राज्य में लगभग 8.48 लाख लघु, सूक्ष्म और मध्यम इकाइयां स्थापित हैं, जिनमें 17 लाख लोगों को रोजगार प्रदान किया जा रहा है। इनमें 71 हजार एमएसएमई उद्योग की स्थापना में महिला उद्यमियों की भागीदारी है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में भी राज्य द्वारा औद्योगिक विकास के लिए पारदर्शी प्रणाली विकसित की गयी है।

राज्य के युवाओं द्वारा अधिक से अधिक उद्यम स्थापित हो सके तथा रोजगार का सृजन हो सके इसके लिए मुख्यमंत्री युवा रोजगार योजना का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, औद्योगिक विवादों के त्वरित निराकरण हेतु वाणिज्यिक न्यायालय की स्थापना की गयी है। साथ ही राज्य में सूक्ष्म, लघु औद्योगिक फेसिलिटेशन काउंसिल भी सुचारु रूप से कार्यरत है, जिसमें लंबित भुगतानों को विधिपूर्वक निराकरण किया जा रहा है।

राज्य द्वारा अपने औद्योगिक इकाइयों की विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ और मजबूत करने हेतु ई मानक पोर्टल विकसित किया गया है। पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ से प्रमुख सचिव श्री मनोज पिंगुआ, संयुक्त सचिव श्री अनुराग पांडेय भी उपस्थित रहे।

Share With

मध्यप्रदेश