Oct 29 2026 / 5:06 AM

कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम हेतु छ.ग. राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा प्रदेश की समस्त वक्फ संस्थाओं से अपील

रायपुर। वर्तमान में हालात को देखते हुए आज राज्य वक्फ बोर्ड कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के चेयरमैन श्री सलाम रिजवी ने प्रदेश के तमाम मुफ्ती हजरात के साथ कोविड 19 (कोरोना वायरस) के संक्रमण को रोकने के संबंध में तत्काल बैठक ली गई जिसमें शरीअत और हदीस (सही बुखारी शरीफ के पार्ट 1 में सफा नंबर 122 हदीस नंबर 666 एवं सफा नंबर 123 हदीस नंबर 667) के हवाले से यह निर्णय लिया गया है कि मस्जिदों में फर्ज नमाजों में जमात की तादाद कम से कम रखी जाये जिससे कि कोविड 19 के संक्रमण को सख्ती से रोका जा सके।

राज्य वक्फ बोर्ड ने तमाम मोमिनों से अपील की है कि जब तक इस खतरनाक बीमारी कोरोना वायरस का खतरा पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता तब तक आप सब अपने-अपने घरों में रहें, इस बीमारी से बचने के लिए दुआ करें, मस्जिद, दरगाह, कब्रस्तान आदि में भीड़ इकट्ठा न होने दें, बहुत ही ज्यादा आवश्यक हो तब ही आप अपने घरों से बाहर निकलें, अपने आस-पास साफ सफाई का इंतेजाम करें, शासन प्रशासन द्वारा जारी समस्त निर्देशों का पालन अनिवार्यता के साथ किया जाए।

अज़ान लाऊड स्पीकर से न देकर बैरूने मस्जिद दी जाए। मस्जिदों के हौज को खाली करवा दिया जाए ताकि लोग उसमें वुजू न कर सकें। बच्चों को मस्जिद में न लाएं और बूढ़े हजरात भी घर ही में नमाजें अदा करें। भीड़ से बचें और दूसरों को भी इससे बचने की सलाह दें। मस्ज्दिों में जुमा एवं फर्ज नमाजों की जमात मस्जिदों के पदाधिकारी मस्जिद में अदा करें ताकि भीड़ इकट्ठा न हो सके। आम जमाती को अपने-अपने घरों में नमाजों को अदा करने की सलाह दी गई है। बोर्ड द्वारा अपील का पालन कराये जाने हेतु प्रदेश के समस्त जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक को भी पत्र जारी किया गया है।

Share With

मध्यप्रदेश