Jun 05 2026 / 6:08 PM

सावन के पहले दिन सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में किया रुद्राभिषेक

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन मास के पहले दिन गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने जल, दूध और ऋतुफल के रस से भगवान शिव का अभिषेक किया। सीएम योगी ने देवाधिदेव महादेव से प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। सीएम योगी के द्वारा रुद्राभिषेक का यह अनुष्ठान हवन के साथ संपन्न हुआ।

इस दौरान गोरखनाथ धाम मंदिर मंत्रोच्चार से गूंज उठा। इस पावन अवसर के कई फोटो और वीडियो सीएम योगी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किए गए हैं।

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के पहले दिन सोशल मीडिया पर एक श्लोक पोस्ट किया। सीएम योगी ने लिखा, “शान्ताकारं शिखरिशयनं नीलकण्ठं सुरेशं, विश्वाधारं स्फटिकसदृशं शुभ्रवर्णं शुभाङ्गम् गौरीकान्तं त्रितयनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यं, वन्दे शम्भुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्।”

सीएम योगी ने इस पोस्ट में आगे लिखा, देवाधिदेव महादेव के प्रिय श्रावण मास के प्रथम दिवस के पावन अवसर पर आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर समस्त प्रदेश वासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। हर हर महादेव!’

बता दें कि सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। इस दौरान भोले के भक्त कांवड़ लेकर आते हैं और शिवालयों-मंदिरों में उनकी पूजा अर्चना करते हैं। इस दौरान गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है।

Share With

मध्यप्रदेश