पंजाब के बाद पूरे महाराष्ट्र में कर्फ्यू, सीएम उद्धव ठाकरे बोले- मान नहीं रहे हैं लोग
मुंबई। पंजाब के बाद अब महाराष्ट्र में भी कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा मामले में महाराष्ट्र में सामने आए हैं। लॉकडाउन के बावजूद लोग सड़कों पर हैं। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पूरे महाराष्ट्र में कर्फ्यू का ऐलान किया हैं।
उन्होंने कहा कि आज मैं पूरे राज्य में कर्फ्यू की घोषणा करने के लिए मजबूर हूं। अभी तक लोग सुन नहीं रहे थे। इसलिए अब समय आ गया है कि राज्य में पूरी तरह से कर्फ्यू लागू कर दिया जाए। कल राज्य का बॉर्डर सील किया गया था और आज सभी जिलों के बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। अब एक जिले से दूसरे जिले में भी लोग नहीं जा सकेंगे। इस दौरान लोगों को जरूरी सेवाएं मिलती रहेंगी। दूध, बेकरी, मेडिकल के शॉप खुले रहेंगे। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 15 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 14 मुंबई के और एक पुणे का मरीज है। नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की संख्या 89 हो गई है। सात संक्रमितों की ट्रैवल हिस्ट्री है यानी उन्होंने विदेश की यात्राएं की हैं। लेकिन, चिंता की बात यह है कि आठ लोग देश से बाहर नहीं गए और संक्रमितों के संपर्क में आने की वजह से वायरस का शिकार हुए।
