दुबई के क्राउन प्रिंस ने कैप्टन स्मित मछार से की मुलाकात
नई दिल्ली। यूएई के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री तथा दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम आज फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित मछार से मिलने अस्पताल पहुंचे। क्राउन प्रिंस ने कैप्टन स्मित मछार से हाथ मिलाया और उनकी बहादुरी के लिए गर्व जताते हुए उनका माथा चूमा।
उन्होंने कैप्टन स्मित से उनकी तबीयत के बारे में बात की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। क्राउन प्रिंस हमदान बिन मोहम्मद काफी देर तक कैप्टन स्मित के साथ रहे। क्राउन प्रिंस ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर कैप्टन स्मित के साथ फोटो भी पोस्ट की है।
क्राउन प्रिंस हमदान बिन मोहम्मद ने लिखा, कैप्टन स्मित फ्लाई दुबई के ऐसे पायलट हैं जिन्होंने हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जिंदगी की परवाह की एक बेहतरीन मिसाल दुनिया के सामने पेश की। हम यूएई सरकार और पूरे देश की तरफ से उनकी इस बहादुरी की सराहना करते हैं।
क्राउन प्रिंस ने आगे कहा, हमें गर्व है कि कैप्टन स्मित हमारी टीम का हिस्सा हैं, हमारे देश की कहानी का हिस्सा हैं और उस चीज का हिस्सा हैं जिसके लिए UAE जाना जाता है। एक ऐसा देश जो दयालुता, शांति और जीवन को अहमियत देता है।
इससे पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल कैप्टन स्मित मछार से वीडियो कॉल पर बात की थी। पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मछार की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि एक भारतीय ने 9/11 जैसी घटना को होने से बचा लिया यह सभी भारतवासियों के लिए गर्व की बात है।
वहीं कैप्टन स्मित मछार ने उस भयानक घटना से जुड़ा अपना अनुभव पीएम मोदी के साथ साझा करते हुए बताया था कि जब को-पायलट ने मुझे घायल कर दिया था और मैं जमीन पर गिर पड़ा था तो उस वक्त पॉजिटिव रहने के लिए मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा था।
