Oct 29 2026 / 3:02 AM

गुजरात: कांग्रेस के 4 विधायकों ने दिया इस्तीफा

अहमदाबाद। गुजरात में राज्यसभा की 4 सीटों के लिए 26 मार्च को होने वाले चुनाव में कांग्रेस हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर चिंतित है। बदलते घटनाक्रम के बीच रविवार को कांग्रेस के 4 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। इन चारों विधायकों ने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को दे दिया है। हालांकि अभी यह आधिकारिक तौर पर साफ नहीं हो पाया है कि किन विधायकों ने अपना इस्तीफा दिया है। उनके नामों का अभी ऐलान नहीं हुआ है।

विधानसभा अध्यक्ष के जरिए कल इस्तीफा देने वाले विधायकों के नामों का खुलासा किया जाएगा। सूत्रों की मानें तो इस्तीफा देने वाले 4 कांग्रेस विधायकों में दो विधायक जेवी काकडिया और सोमाभाई पटेल हो सकते हैं क्योंकि चुनाव से पहले कांग्रेस के ये दोनों विधायक गायब हैं और कांग्रेस के संपर्क में नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा मंगल गावित और प्रद्युमन सिंह जाडेजा का नाम इस्तीफा देने वाले कांग्रेस विधायकों में होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश की सियासी उठापटक के बीच राज्यसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने गुजरात में एहतियातन कदम उठाने शुरू किए थे। शनिवार को कांग्रेस ने गुजरात के अपने 14 विधायकों को जयपुर शिफ्ट किया था। गुजरात के ये विधायक जयपुर के पांच सितारा होटल शिव विलास में रुके हैं। अब 4 विधायकों के इस्तीफे के बाद कांग्रेस अपने 20-22 विधायकों को भी जयपुर लेकर जाएगी। सूत्रों का कहना है कि 4 विधायकों के इस्तीफे समेत कांग्रेस के 10 से 12 विधायक इस्तीफा दे सकते हैं। इससे पहले मध्य प्रदेश में कांग्रेस के 22 विधायक अपना इस्तीफा दे चुके हैं।

Share With

मध्यप्रदेश