Oct 29 2026 / 8:11 AM

बदल गया कश्मीर, हिजबुल आतंकी के भाई ने फहराया तिरंगा, बोले- मैंने दिल से तिरंगा लहराया

नई दिल्ली। अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने के बाद अब जम्मू-कश्मीर बदलने लगा है। यहां अब आतंकियों की बंदूकें उतनी नहीं गरजतीं, जितना अमन और चैन के लिए लोगों की उम्मीद उन्हें फिर से खुली हवा में सांस लेने के लिए उत्साहित कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हर घर तिरंगा’ की अपील पर हिजबुल आतंकी के भाई ने अपने घर पर तिरंगा फहराया है। आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के सक्रिय आतंकवादी जाविद मट्टू के भाई ने अपील से प्रभावित होकर अपने घर पर तिरंगा फहराया है। आतंकी के भाई रईस मट्टू कश्मीर के सोपोर में रहते हैं।

रईस मट्टू ने कहा, मैंने दिल से तिरंगा लहराया। किसी का कोई दबाव नहीं था, सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा, हम बुलबुले हैं इसके ये गुलिस्तां हमारा। रईस ने 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पहले कहा कि विकास हो रहा है। पहली बार, मैं 14 अगस्त को अपनी दुकान पर बैठा हूं, यह दो-तीन दिनों के लिए बंद रहती थी। पिछली राजनीतिक पार्टियां खेल खेल रही थीं।

उन्होंने कहा कि मेरा भाई एक (आतंकवादी) बन गया। 2009, उसके बाद हम उनके बारे में कुछ नहीं जानते, अगर वह जीवित हैं, तो मैं उनसे वापस आने का आग्रह करता हूं, हालात बदल गए हैं, पाकिस्तान कुछ नहीं कर सकता, हम हिंदुस्तानी थे, हैं और रहेंगे।

आतंकी जाविद मट्टू को फैसल/साकिब/मुसैब के नाम से भी जाना जाता है। हिजबुल मुजाहिदीन आतंकी संगठन से जुड़ा सक्रिय आतंकवादी है। बताया जाता है कि सुरक्षा एजेंसियों की लिस्ट में घाटी के टॉपट 10 टारगेट में से जावेद एक है।

बता दें कि स्वतंत्रता दिवस से पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने की अपील की है। इससे पहले रविवार को श्रीनगर में एक विशाल ‘तिरंगा’ रैली निकाली गई, जिसमें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भाग लिया।

Share With

मध्यप्रदेश