Apr 18 2026 / 8:11 PM

उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण: सीएम योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि जनसंख्या की दृष्टि से देश के सबसे विशाल राज्य में कोविड-19 संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण है, लेकिन अभी सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि छोटी सी भी लापरवाही खतरनाक साबित हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और प्रदेश में साथ मिल कर काम करने से यह परिणाम सामने आया है और जब तक कोविड-19 के लिए किसी प्रभावी दवा अथवा टीके की खोज नहीं कर ली जाती, तब तक बचाव ही इसका उपचार है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को यहां लोक भवन में बैठक में अनलॉक-1 व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के प्रकोप को नियंत्रित करने, इसके उपचार के लिए चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा समाज के गरीब और कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए किए गए प्रबन्धों के बेहतर नतीजे मिल रहे हैं।

उन्होंने पिछले दो दिन के दौरान चार मण्डलों-बस्ती, गोरखपुर, आजमगढ़ तथा वाराणसी के अपने भ्रमण का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य के सभी क्षेत्रों में कार्य किया गया है और इसके फलस्वरूप प्रदेश बेहतर स्थिति में है। उन्होंने कहा, पुलिस द्वारा नियमित तौर पर गश्त की जाए। सामाजिक दूरी का पालन कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। मास्क लगाने के लिए लोगों को जागरुक किया जाए। मास्क का इस्तेमाल न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और वाहनों की जांच की जाए।

कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को अस्पताल में रखा गया
लक्षण रहित कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को अस्पताल में रखा गया। इससे संक्रमण को नियंत्रित करने में काफी मदद मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान में लागू अनलॉक व्यवस्था के तहत प्रदान की गई छूट के दौरान पूरी सावधानी बरतना अत्यन्त आवश्यक है। इसके साथ ही, संक्रमित व्यक्तियों के समुचित उपचार की व्यवस्था भी जरूरी है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रभावी प्रयास जारी रखे जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का लोगों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इस दौरान राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप जनता का प्रदेश सरकार पर भरोसा और सुदृढ़ हुआ है। उन्होंने जरूरतमन्दों को रोजगार के साथ जोड़ते हुए उनके इस विश्वास को और पुख्ता किए जाने के निर्देश दिए कि राज्य सरकार उनके हितों को पूरा करने के लिए हर सम्भव कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि सभी स्ट्रीट वेंडरों को भरण-पोषण भत्ता अवश्य उपलब्ध कराया जाए।

Share With

मध्यप्रदेश