Oct 29 2026 / 4:22 AM

कोरोना के चलते महाराष्ट्र के चार शहरों में लॉकडाउन

नई दिल्ली। कोरोना के कारण देशभर में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। कोरोना के अभी तक सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं। इसी को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने चार शहरों को बंद करने का फैसला किया है। जिन शहरों को बंद किया गया है उनमें मुंबई, पुणे, नागपुर पिंपरी-चिंचवाड़ शामिल हैं। इन शहरों में 31 मार्च तक बंद रहेगा।

सरकार का कहना है कि लॉकडाउन से घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि सभी आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी। यहां के सभी सरकारी दफ्तरों में सिर्फ 25 कर्मचारी काम करेंगे। बता दें कि इन शहरों में आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी और बाकी दूकानें बंद रहेंगी। जारी आदेश में सब्जियों और दवा की दुकानें खुली रहेंगी। इसके अलावा बैंक भी खुले रहेंगे।

इसके अलावा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कोरोना के मद्देनजर दिल्ली के सभी शॉपिंग मॉल को बंद करने का फैसला किया है। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, मौजूदा स्थिति को देखते हुए किराने, फार्मेसी और सब्जी की दुकानों को छोड़कर हम सभी मॉल को बंद कर रहे हैं।

देशभर में अब तक लगभग 210 लोगों में कोरोना का संक्रमण पाया गया था और 4 लोगों की मौत भी हो गयी है। इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए कई राज्यों में पाबंदियां लगाई जा रही हैं और हालात बंद जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं। कल रात पीएम मोदी ने भी लोगों से अपील करते हुए राष्ट्र को संबोधित किया था। पीएम ने इस दौरान देश वासियों से इस संकट का मजबूती से मुकाबला करने के लिए 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक ‘जनता कर्फ्यू’ का आह्वान किया है।

Share With

मध्यप्रदेश