Oct 01 2026 / 10:54 PM

महाराष्ट्र: पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध दिवेआगर बीच पर 8 छात्र समुद्र में डूब गए। यह सभी बच्चे पुणे के आलंदी स्थित एक प्राइवेट कोचिंग इंस्टीट्यूट के छात्र थे। स्टूडेंट्स का ग्रुप पिकनिक मानने के लिए दिवेआगर बीच पर आया था। बताया जा रहा है कि समुद्र में तेज लहरों की चपेट में आने की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही बीच पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों की मदद से सभी 8 छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुणे के आलंदी में स्थित ‘विनर्स एकेडमी फॉर 11th एंड 12th’ की ओर से अपने स्टूडेंट्स के लिए पिकनिक टूर प्लान किया गया था। ग्रुप में कुल 48 बच्चे पिकनिक मानने दिवेआगर बीच पर पहुंचे थे। ये सभी बच्चे 11वीं और 12वीं के स्टूडेंट थे। बीच पर पहुंचने के बाद कुछ छात्र समुद्र में नहाने के लिए गए। गहराई का अंदाजा न होने के चलते वो खुद को संभाल नहीं पाए और समुद्र की तेज लहरों के बीच फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते 8 बच्चे समुद्र में समा गए। घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी गई। आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू हुआ। काफी देर के बाद एक-एक कर आठों छात्रों के शव मिले।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा, 8 छात्रों की डूबने से हुई मौत की घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है। इस कठिन समय में हम सभी दुखी परिवारों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन बच्चों के शवों को आलंदी लाने के लिए समन्वय कर रहा है।

मृतक छात्रों की पहचान प्रणव रामदास बनसोडे, तन्मय दत्तात्रेय वाहिले, कैवल्य सतीश वासनकर, सुमित भरत अहिरे, राजवीर युवराज वाहिले, यश किरण वानखेड़े, सोहम तुकाराम भंडवलकर और कौस्तुभ संदीप दौंड के रूप में हुई है। इन सभी की उम्र लगभग 16 साल के आसपास थी।

Share With

मध्यप्रदेश