Oct 29 2026 / 5:05 AM

चीन में आया नया जानलेवा ‘हंता वायरस’, एक की मौत

युन्नान। कोरोना वायरस का कहर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। इस जानलेवा वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए लगातार जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी बीच चीन के सरकारी मीडिया संस्थान ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक चीन में एक नया वायरस फैला है, जिससे एक इंसान की मौत भी हो गई है। यह तस्वीर यूएस सेंटर फॉर डिजीस एंड कण्ट्रोल द्वारा जारी की गई है। ग्लोबल टाइम्स का कहना है कि हन्ता वायरस से प्रभावित शख्स बस से शेडोंग लौट रहा था, उस समय शख्स का कोरोना टेस्ट हुआ जिसमें उसके इस वायरस से ग्रस्त होने का पता चला। तब से सोशल मीडिया पर हंगामा मचा हुआ है।

हंता वायरस क्या है
जानकारों के मुताबिक, हंता वायरस से ज्यादा घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि ये कोरोना वायरस की तरह घातक नहीं है। ये वायरस किसी को छूने या फिर हवा के रास्ते नहीं फैलता है। यह किसी चूहे या फिर गिलहरी के संपर्क में आने से फैलता है। सेंटर फॉर डिजिज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के मुताबिक, ‘हंता वायरस चूहों के मल, मूत्र से फैलता है। इंसान इस वायरस से तभी संक्रमित होते हैं जब वो इसके संपर्क में आते हैं। ऐसे में जिन भी घरों में चूहों का आना-जाना होता है उन्हें खास सावधानी बरतने की जरुरत होती है।

हंता वायरस के लक्षण
हंता वायरस से संक्रमित लोगों को बुखार, थकान, मांसपेशियों में दर्द होता है। ये दर्द खास तौर से जांघ-कूल्हे, पीठ और कंधे में ज्यादा हो सकता है। इसके अलावा सिरदर्द, चक्कर आना, ठंड लगना, पेट में दर्द, उल्टी और दस्त भी इस वायरस के संक्रमण में शामिल है। इस वायरस को पहचानने में देरी हुई तो इससे संक्रमित मरीज के फेफड़े में तरल पदार्थ भरने लगता है और फिर उसे सांस लेने में समस्या होती है।

हंता वायरस से कैसे बचें
हंता वायरस से बचाव का सबसे आसान तरीका है कि घरों-कार्यालयों या फिर रहने वाली जगह पर चूहे नहीं पहुंच सकें। लगातार इस बात पर नजर रखें कि कोई चूहा घर में नहीं जा सके। चूहे और गिलहरी से खास दूरी बना के रखें। हंता वायरस एक शख्स से दूसरे तक नहीं जाता, लेकिन अगर कोई चूहों के मल, पेशाब आदि को छूने के बाद अपनी आंख, नाक और मुंह को छूता है तो उसके हंता वायरस से संक्रमित होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को इस बात का खास ध्यान रखने की जरूरत होती है।

Share With

मध्यप्रदेश