दिल्ली में बढ़े पेट्रोल, डीजल के दाम
नई दिल्ली। शराब के बाद दिल्ली में पेट्रोल और डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल के दाम 1.67 रुपये बढ़ गए और डीजल 7.10 रुपये महंगा हो गया है। दरअसल, दिल्ली सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर वैट बढ़ाने का फैसला लिया है।
दिल्ली में पेट्रोल पर वैट 27 फीसदी और डीजल पर 30 फीसदी बढ़ा दिया गया है। नई कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में आज पेट्रोल 71.26 रुपये लीटर हो गया है और 7 रुपये से ज्यादा की बढ़त के बाद डीजल 69.29 रुपये लीटर हो गया है।
इससे पहले दिल्ली सरकार ने शराब पर भारी-भरकम 70% अतिरिक्त कोरोना टैक्स लगाने की घोषणा कर दी, जो MRP पर लागू होगा। इस तरह 1000 रुपये में मिलने वाली शराब की बोतल अब सीधे 1700 रुपये में मिलेगी। इससे दिल्ली सरकार के राजस्व में तो वृद्धि होगी, लेकिन शराब के शौकीनों की जेब ढीली हो जाएगी।
सोमवार 4 मई से लॉकडाउन 3.0 में पहले की तुलना में छूट दी गई है। इस छूट के तहत शराब की दुकानों को भी खोलने की अनुमति दी गई है। सोमवार को जैसे ही शराब की दुकानें खुलीं, लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा दीं।
इसके बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने सोशल डिस्टेंसिंग का हर हाल में पालन करने की नसीहत दी थी। इसके बाद दिल्ली सरकार ने शराब पर भारी-भरकम 70 फीसद कोरोना टैक्स लगा दिया, जो शराब प्रेमियों को जरूर अखरेगा।
