दो दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल और सीएम ने किया स्वागत
रायपुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दो दिन के छत्तीसगढ़ प्रवास पर रविवार को पहुंचे। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, रायपुर महापौर एजाज ढेबर और राज्य सरकार के मुख्य सचिव आरपी मंडल सहित अन्य ने स्वागत किया। राष्ट्रपति कोविंद रायपुर हवाई अड्डे से सीधे बिलासपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
बिलासपुर में वे आज शाम छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालयों से चाय पर चर्चा करेंगे, इसके बाद सोमवार को आयोजित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में होंगे। इस दौरान 5 नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण करेंगे। बिलासपुर के आयोजन में शामिल होने के बाद वे हेलीकाप्टर द्वारा रवाना होकर 12 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर पहुंचेंगे और यहां से 12.10 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
