Oct 29 2026 / 4:18 AM

कोरोना से जंग: राजस्थान 31 मार्च तक लॉकडाउन

जयपुर। देश में अब तक कोरोनावायरस से 327 मामले सामने आ चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संक्रमण से लड़ाई के लिए रविवार को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है। इस बीच, राजस्थान सरकार ने रविवार से 31 मार्च तक टोटल लॉकडाउन का ऐलान किया है। हालांकि, इस दौरान रोजमर्रा की जरूरत वाली सामानों जैसे सब्जी और दूध की दुकानों के साथ-साथ मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। इनके अलावा कोई दुकान नहीं खुलेगी। इससे पहले कुछ राज्यों ने कुछ शहरों में लॉकडाउन किया है लेकिन राजस्थान इसे पूरे सूबे में लागू करने वाला पहला राज्य बन गया है।

राजस्थान में कोरोना वायरस के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार रात को ऐलान किया, कोरोना वायरस के मद्देनजर राज्य 22 मार्च से 31 मार्च तक लॉकडाउन में रहेगा। सब्जी, डेयरी जैसी रोजमर्रा की जरूरत वाले सामानों को बेचने वाली दुकानें और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे। गहलोत ने यह फैसला शीर्ष अधिकारियों के साथ हुई एक हाई-लेवल मीटिंग में लिया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकार की तरफ से जारी अडवाइजरी का पालन करें और घरों से न निकलें।

राजस्थान में शनिवार को कोरोना वायरस के 8 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। संक्रमित लोगों में 5 भीलवाड़ा से जबकि एक जयपुर से है। कोरोना के इन ताजा मामलों के साथ अब राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 33 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भीलवाड़ा में शुक्रवार को 6 मामले सामने आए थे और अब शनिवार को 5 और मामलों की पुष्टि होने के बाद यहां कोरोनावायरस के कुल 11 मामले हो चुके हैं। इसमें से 9 लोग भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 2 जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में भर्ती हैं।

Share With

मध्यप्रदेश