पीएम केयर्स फंड में 500 करोड़ देगी रिलायंस इंडस्ट्री
मुंबई। पीएम केयर्स फंड में रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 500 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, पीएम केयर्स फंड में 500 करोड़ रुपये के अलावा कंपनी महाराष्ट्र और गुजरात मुख्यमंत्री राहत कोष में भी 5-5 करोड़ रुपये की सहायता राशि देगी।
इसके अलावा 5 लाख लोगों को अगले 10 दिनों तक खाना भी मुहैया कराया जाएगा। यानी 50 लाख के करीब खाना का इंतजाम किया जा रहा है। इससे पहले रिलायंस फाउंडेशन ने 100 बिस्तरों का पहला कोविड-19 अस्पताल मात्र 2 हफ्तों में तैयार किया था। रिलायंस 1 लाख मास्क और हजारों की संख्या में पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट भी तैयार कर रही है। ताकि देश के स्वास्थ्यकर्मियों का ख्याल रखा जा सके। इमरजेंसी वाहनों में फ्री ईंधन और डबल डेटा रिलायंस पहले से ही उपलब्ध करा रही है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, हमें विश्वास है कि भारत कोरोना वायरस की आपदा पर जल्द से जल्द विजय प्राप्त कर लेगा। रिलायंस इंडस्ट्रीज की पूरी टीम संकट की इस घड़ी में देश के साथ है और कोविड-19 के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने के लिए सब कुछ करेगी।
रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा, जैसे राष्ट्र कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए एकजुट है, वैसे ही रिलायंस फाउंडेशन अपने देशवासियों और महिलाओं के साथ मजबूती से खड़ा हैं, खासकर उन लोगों के लिए जो पहली पंक्ति में इससे लड़ रहे हैं। हमारे डॉक्टरों और कर्मचारियों ने भारत का पहला कोविड-19 अस्पताल स्थापित करने में मदद की है और हम कोविड-19 की स्क्रीनिंग, परीक्षण, रोकथाम और उपचार में सरकार का सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इससे पहले कोरोना से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सक्षम लोगों से कोरोना राहत के लिए पीएम केयर्स फंड में दान देने की अपील की थी। जिसके बाद कई क्रिकेटरों, बॉलीवुड सितारों और बड़ी हस्तियों ने देशहित में दान दिया है। इस श्रेणी में सिर्फ बड़ी हस्तियां ही नहीं बल्कि आम आदमी ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले कॉरपोरेट दिलेरी का एक सबसे बड़ा नमूना पेश करते हुए टाटा ट्रस्ट ने शनिवार को कोविड-19 से लड़ाई के लिए 500 करोड़ रुपये की घोषणा की थी। टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन एन. टाटा ने कहा कि भारत और दुनिया में वर्तमान हालात गंभीर चिंता के विषय हैं और तत्काल कार्रवाई की जरूरत है।
टाटा ने कहा, इस अत्यंत कठिन समय में मैं मानता हूं कि मानव जाति के सामने खड़ी एक सबसे कठिन चुनौती कोविड-19 संकट से लड़ने की जरूरतों को पूरा करने के लिए तत्काल आपात संसाधनों को लगाने की जरूरत है। उन्होंने इस वायरस के खिलाफ लड़ाई के लिए 500 करोड़ रुपये की घोषणा के साथ सभी प्रभावित समुदायों को बचाने और सशक्त करने का संकल्प किया है।
