Oct 29 2026 / 3:11 PM

एमपी-छत्तीसगढ़ में कल होगा शपथ ग्रहण समारोह, पीएम मोदी होंगे शामिल

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के नाम का ऐलान होने के बाद अब शपथ ग्रहण के कार्यक्रम की तैयारी शुरू हो गई हैं। अब 13 दिसंबर यानी बुधवार को दोनों ही राज्यों में सीएम पद की शपथ ली जाएगी। इन दोनों राज्यों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे।

पीएम मोदी सबसे पहले सुबह 11.30 बजे मध्य प्रदेश पहुंचेंगे, जहां मोहन यादव सीएम पद की शपथ लेंगे। इसके बाद पीएम मोदी छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे जहां राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में दोपहर दो बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में विष्णु देव साय सीएम पद की शपथ लेंगे।

मध्य प्रदेश में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस जीत में पीएम मोदी का फायर ब्रांड चेहरा तो रहा ही साथ ही लाड़ली योजना को भी जनता खासतौर पर महिलाओं का साथ मिला। मोहन यादव बतौर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा बतौर डिप्टी सीएम शपथ लेंगे। कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ-साथ बीजेपी के दिग्गज नेता भी शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी ने कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए बेहतरीन जीत हासिल की है। यहां पर भी बीजेपी ने रमन सिंह को दोबारा कमान ना देते हुए नए चेहरे के साथ जाना सही माना। छ्त्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेंगे।

Share With

मध्यप्रदेश