तेलंगाना पुलिस की शर्मनाक हरकत, बेटी की मौत दुखी पिता को मारी लात, वीडियो वायरल
हैदराबाद। तेलंगाना पुलिस का अमानवीय चेहरा एक बार फिर से सामने आया है। राज्य के संगारेड्डी जिले में मंगलवार को नारायणा जूनियर कॉलेज में संध्यारानी नाम की एक इंटरमीडिएट छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। बेटी की मौत दुखी पिता अपने लाडली के शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते थे।
पिता ने पटानचेरु के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखे हुए बेटी के शव को दरवाजे का ताला तोड़कर बाहर ले जाने की कोशिश की। इसी बीच पुलिस वहां पहुंच गई और शव को वापस मुर्दाघर में ले जाने की कोशिश करने लगी।
मृतिका के पिता इसके लिए सहमत नहीं थे। वो रास्ते में लेट गए और पुलिस को शव आगे नहीं ले जाने दे रहे थे। उनकी मानसिक स्थिति को समझा जा सकता है लेकिन पुलिस अमानवीय हरकत पर उतर आई।
पिता को रास्ते से हटाने के लिए पुलिसकर्मी ने उन्हें जूते से कई बार लात मारी। साथ ही उन्हें घसीटते हुए रास्ते से हटा दिया। इस बीच मृतिका के कुछ और भी परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और पिता को संभालने की कोशिश करने लगे।
पुलिस की यह हरकत चर्चा का विषय बनी हुई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक पिता न्याय की गुहार लगा रहा है और वहीं पुलिस उसके साथ अमानवीय हरकत करती नजर आ रही है। फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है।
संध्यारानी ने आत्महत्या क्यों की? यह अभी तक पता नहीं चल सका है। लोग इसे लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन पर भी कुछ लोग गंभीर आरोप लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक कुछ दावे के साथ नहीं कहा जा सकता है।
