Oct 28 2026 / 10:00 PM

आज से शुरू होगा हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी। 26 फरवरी को वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु बजट पेश करेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद उसकी प्रतियां सदन की मेज पर रखी जाएंगी। उसके बाद देश के शहीद सैनिकों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को हरियाणा विधानसभा श्रद्धांजलि देगी।

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। धान घोटाला, बेरोजगारी, मंदी, भ्रष्‍टाचार, किसानों को फसलों का उचित दाम, बुढ़ापा पेंशन और युवाओं को बेरोजगारी भत्‍ता देने जैसे चुनावी वादों पर विपक्ष ने सरकार को विधानसभा में घेरने की रणनीति तैयार कर ली है।

लेकिन सबसे बड़ी मुसीबत खुद सरकार को समर्थन दे रहे विधायक बनते दिख रहे हैं, जो इस सत्र में सरकार को परेशानी में डालने के लिए तैयार हैं। सत्र शुरू होने से पहले सरकार से पूछे जाने वाले 400 तारांकित और अतारांकित सवाल विधानसभा अध्‍यक्ष के पास पहुंच चुके हैं।

आज से शुरू होने वाला बजट सत्र हरियाणा विधानसभा का सबसे लंबा सत्र होने जा रहा है, जिसके 3 मार्च तक चलने की संभावना है। 90 सदस्‍यीय हरियाणा विधानसभा में 31 विधायकों के साथ कांग्रेस मजबूत विपक्ष के तौर पर इस बार मौजूद है। विपक्ष में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के एकमात्र विधायक अभय चौटाला भी हैं।

इस बीच बजट सत्र से पहले पूर्व मुख्‍यमंत्री और नेता विरोधी दल भूपिंदर सिंह हुड्डा के आवास पर कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने की रणनीति बन चुकी है। हरियाणा में बेरोजगारी का मुद्दा सबसे गंभीर है। जेजेपी ने चुनावी घोषणा पत्र में 11000 रुपये बेरोजगारी भत्‍ता देने का वादा युवाओं से किया था, जिसके सवाल पर अब सरकार को जवाब नहीं सूझ रहा है।

बेरोजगारी पर बीजेपी-जेजेपी सरकार का कोई रोडमैप अब तक सामने नहीं आया है। एक सर्वे के मुताबिक हरियाणा में बेरोजगारी दर 30 फीसदी के आसपास पहुंच चुकी है। दरअसल हरियाणा की माली हालत बेतरह खराब है। हरियाणा सरकार तकरीबन 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये के कर्ज में डूबी है। जबकि 2014 में जब बीजेपी ने हरियाणा की सत्‍ता संभाली थी तो यह कर्ज महज 61 हजार करोड़ के आसपास था।

जेजेपी ने 5100 रुपए बुढ़ापा पेंशन देने का वादा भी किया था। जबकि बीजेपी ने चुनाव में महंगाई दर के अनुसार पेंशन बढ़ाने की बात कही थी। बीते दिनों सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पेंशन में 250 रुपए की बढ़ोतरी का ऐलान किया, जिसे विपक्ष ने मुद्दा बना लिया है।

Share With

मध्यप्रदेश