निगम द्वारा नाला सफाई का कार्य सतत रूप से किया जा रहा है
स्वीपींग मशीन से मुख्य मार्गो की रात्रीकालीन हो रही है सफाई
देवास। नगर निगम द्वारा शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण वार्डो मे स्थित नालों की सफाई का कार्य सतत युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। नालों की सफाई मे बडी मात्रा मे गाद एवं कचरा निकाला जा रहा है। जिससे वर्षाकाल के पानी की निकासी सुचारू रूप से होगी तथा वार्डो मे जल जमाव की स्थिती उत्पन्न नही होगी। निगम की टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 32 के साथ अन्य वार्डो मे भी नाला सफाई का कार्य पोकलेन एवं जेसीबी मशीनो के माध्यम से किया जा रहा है। वार्डो मे कुछ जगहों पर नालों के पास जेसीबी मशीन नही पहुंचने के कारण नाला सफाई गैंग के कर्मचारियों के द्वारा सफाई का कार्य किया जा रहा है तथा बडी मात्रा मे कचरा भी निकाला जा रहा है जिसका निष्पदन भी किया जा रहा है।

नाला सफाई के कार्य की मानिटरिंग के साथ स्वीपींग मशीन के माध्यम से मुख्य मार्गो की सफाई कार्य के लिए महापौर श्रीमती गीता दुर्गेश अग्रवाल ने स्वास्थ्य अधिकारी एवं वार्ड के उपयंत्रियों को निर्देशित भी किया। स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसोदिया ने बताया कि निगम की स्वीपींग मशीन के माध्यम से मुख्य मार्गो की रात्रीकालीन सफाई भी की जा रही है तथा वार्ड के उपयंत्रियों के द्वारा नाला सफाई कार्य का निरीक्षण भी किया जा रहा है। नाला सफाई का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
