कोरोना वायरस: तिहाड़ जेल प्रशासन ने 400 कैदियों को किया रिहा
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ने भारत समेत पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है। भारत में कोरोना से संक्रमित मामले एक हजार से ज्यादा हो गए हैं, जबकि 24 लोगों की मौत हो चुकी हैं। इसके मद्देनजर केंद्र के साथ राज्य सरकारें भी कोरोना से लड़ने के लिए उचित कदम उठा रही हैं।
इधर, तिहाड़ जेल प्रशासन ने भी इस खतरनाक वायरस के मद्देनजर अहम फैसला लिया है। तिहाड़ जेल प्राधिकरण ने जेलों में भीड़भाड़ को कम करने के लिए 400 से अधिक विचाराधीन कैदियों को रिहा कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली की तिहाड़ जेल से 28 मार्च को 356 कैदियों को अंतरिम जमानत पर छोड़ा गया। अंतरिम जमानत 45 दिनों के लिए होगी। वहीं, 63 कैदियों को आपातकालीन पैरोल पर जमानत दी गई। ये 8 हफ्ते के लिए होगी। तिहाड़ जेल प्रशासन ने बैरक से भीड़ कम करने के लिए ये फैसला लिया।
इससे पहले सोमवार को जेल अधिकारियों ने कहा था कि वे कोविड-19 खतरे को देखते हुए जेलों में भीड़ को कम करने के लिए लगभग 3,000 कैदियों को रिहा करने की योजना बना रहे थे। खतरनाक अपराधियों को रिहा नहीं किया जाएगा।
